Thursday, 25 June 2015

जानिए पुरुषोत्तम मास में क्या करें और क्या न करें -


पुरुषोत्तम मास में नहीं करना चाहिए यह काम....
आषाढ़ शुक्ल एकम से पुरुषोत्तम मास शुरू हो गया है। इस माह को अधिक मास, मलमास, आदि नामों से भी पुकारा जाता है। इस अवधि में सभी शुभ कार्य त्याज्य रहेंगे।

जिन दैविक कर्मों को सांसारिक फल की प्राप्ति के निमित्त प्रारंभ किया जाए, वे सभी कर्म इस माह में वर्जित कहे गए हैं। 
जैसे तिलक, विवाह, मुंडन, गृह आरंभ, गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत या उपनयन संस्कार, निजी उपयोग के लिए भूमि, वाहन, आभूषण आदि का क्रय करना, संन्यास अथवा शिष्य दीक्षा लेना, नववधू का प्रवेश, देवी-देवता की प्राण-प्रतिष्ठा, यज्ञ, वृहद अनुष्ठान का शुभारंभ, अष्टाकादि श्राद्ध, कुआं, बोरिंग, तालाब का खनन आदि का त्याग करना चाहिए।

इस माह में विशेष कर रोग निवृत्ति के अनुष्ठान, ऋण चुकाने का कार्य, शल्य क्रिया, संतान के जन्म संबंधी कर्म, सूरज जलवा आदि, गर्भाधान, पुंसवन, सीमांत जैसे संस्कार किए जा सकते हैं। 

* इस माह में यात्रा करना, साझेदारी के कार्य करना, मुकदमा लगाना, बीज बोना, वृक्ष लगाना, दान देना, सार्वजनिक हित के कार्य, सेवा कार्य करने में किसी प्रकार का दोष नहीं है। इस माह में व्रत, दान, जप करने का अवश्य फल प्राप्त होता है। 

जानिए पुरुषोत्तम मास में क्या खाएं, क्या न खाएं....
पुरुषोत्तम मास में भगवान श्रीकृष्‍ण, श्रीमद्‍भगवतगीता, प्रभु श्रीराम और भगवान विष्‍णु की उपासना की जा‍ती है। इस माह उपासना करने का अपना अलग ही महत्व है। इस मास के दौरान जप, तप, दान से अनंत पुण्यों की प्राप्ति होती है। इतना ही नहीं इस मास में खाने-पीने की चीजों का बहुत महत्व है। इस माह तमोगुणयुक्त पदार्थों का सेवन करना शास्त्रों में मना है। 

आइए जानते हैं इस माह किन-किन चीजों का अपनाएं और किन-किन चीजों से परहेज रखें। 
इस माह कोई भी व्यक्ति यदि गेंहू, चावल, मूंग, जौ, मटर, तिल, ककड़ी, केला, आम, घी, सौंठ, इमली, सेंधा नमक, आंवला आदि का भोजन करें तो उसे जीवन में कम शारीरिक कष्ट होता है।   
उक्त पदार्थ या उससे बने पदार्थ उसके जीवन में सात्विकता की वृद्धि करते हैं। अत: इस माह उपरोक्त पदार्थों का सेवन अवश्य ही करना चाहिए।  

क्या न खाएं :- 
इस माह में उड़द, लहसुन, प्याज, राई, मूली, गाजर, मसूर की दाल, बैंगन, फूल गोभी, पत्ता गोभी, शहद, मांस, मदिरा, धूम्रपान, मादक द्रव्य आदि का सेवन करने से तमोगुण की वृद्धि का असर जीवनपर्यंत रहता है। अत: पुरुषोत्तम मास में इन चीजों का खान-पान वर्जित कहा गया है। 

शेयर करना ना भूले..... शेयर करना ना भूले..... शेयर करना ना भूले.....

Friday, 1 May 2015

मैं कौन हूँ ? -

आत्मा - नित्य अतः सर्वव्याप्त अतः स्थिर अतः अचल सत्ता !!!
भगवान् श्री कृष्ण कहते हैं,
अच्छेद्योऽयमदाह्योऽयमक्लेद्योऽशोष्य एव च ।

नित्यः सर्वगतः स्थाणुरचलोऽयं सनातनः ॥

यह आत्मा न कटनेवाला, न जलनेवाला, न गलनेवाला और न सूखनेवाला है। आपस में एक दूसरे का नाश कर देने वाले पंचभूत इस आत्मा का नाश करने के लिए समर्थ नहीं है। इसलिए यह नित्य है। नित्य होने से सर्वगत है। सर्वव्यापी होने से स्थाणु (ठूँठ) की भाँति स्थिर है। स्थिर होने से यह आत्मा अचल है और इसीलिए सनातन है। अर्थात किसी कारण से नया उत्पन्न नहीं हुआ है। पुराना है। 

(श्रीमद्भगवद्गीता ; अध्याय - २, श्लोक - २४)

यहाँ भगवान् स्पष्ट कह रहे हैं कि यह आत्मा नित्य है यानी काल का कोई भी क्षण ऐसा नहीं आएगा जब यह अनित्य हो जाए अतः अनंत काल तक रहने वाला अनंत (जिसका अंत ना हो) है। बल का प्रयोग करके हम मुट्ठी बांधते हैं। बल की समाप्ति के साथ ही मुट्ठी खुल जाती है। यदि कभी बल ही नहीं लगा हो तो मुट्ठी खुली ही रहेगी। कहने का तात्पर्य है - संयोग होने से ही वियोग संभव है। यदि वियोग नहीं है तो संयोग कभी हुआ हो यह संभव नहीं है। अतः अनादि (जिसका आरम्भ ना हो) है।  यानी इस पर कोई भी बल कभी नहीं लगा अतः यह अनंत विस्तारित है अर्थात सर्वव्याप्त है। सर्वव्याप्त यानी विदित और अविदित से भी परे है। कोई भी स्थान इस तत्व से खाली नहीं होने के कारण इसका हिलना भी संभव नहीं अतः स्थिर है। स्थिर होने के कारण चालायमान नहीं है अर्थात अचल है और इसीलिए सनातन है।

मैं, मी, आमी, मुअ, I की आवाज इसी की है ! यही मैं हूँ, यही आप हैं, यही वह है, यही हम सब हैं, यही प्राणी मात्र की सत्ता है। अतः किसी भी काल में हमारा विनाश संभव नहीं है। हम सब अमर हैं, अनंत हैं ! 

चूँकि आत्मा सर्वव्याप्त है अतः आपके दाहिने, बाएँ, आगे, पीछे, आपके चारों तरफ जो भी रिक्त या भरा स्थान है, जहाँ तक आपकी नजर जाती है और जहाँ आपकी नजर नहीं पहुँच रही है - आप की ही सत्ता है। सिद्ध होता है कि अभी इस समय हम सब हर योनि (सभी ८४ लाख) में स्थित हैं। जिन-जिन लोकों का हमने नाम सुना है तथा वे भी जिनका नाम नहीं सुना उनमें भी, नर्क लोक, पितृ लोक, स्वर्ग लोक में भी, सूरज, चाँद, समस्त ग्रहों, नक्षत्रों में भी, सभी तारों में भी, कण-कण में भी, विदित और अविदित से भी परे !!
आत्मा अचल है अतः आपके शरीर में न आत्मा बंधा है और न आपके शरीर के साथ चल रहा है क्योंकि आत्मा स्थिर है। आप कहेंगे, ये कैसे हो सकता है ? मैं तो प्रमाण के समान आत्मा को अपने साथ बंधा हुआ और चलता हुआ पा रहा हूँ। आइये इसे समझने का प्रयास करते हैं। मैं अभी जिस स्थान पर हूँ, वहाँ पर स्थित हवा को साँस के रूप में ग्रहण कर रहा हूँ। अब अगर मैं दूसरे स्थान पर जाऊँ तो उस दूसरे स्थान पर स्थित हवा के अंश को ही साँस के रूप में ग्रहण करूँगा  ना कि पहले स्थान के हवा के अंश को साथ लेकर जाऊँगा। मैं जहाँ भी जाऊँ वहीं पर मेरे साँस लेने के लिए हवा उपलब्ध है। और स्पष्ट रूप से समझने का प्रयास करते हैं। पूरी पृथ्वी पर ऑक्सिजन उपलब्ध है अतः ऑक्सिजन लेने के लिए पृथ्वी पर हमें ऑक्सिजन का सिलिंडर बाँध कर चलने की आवश्यकता नहीं है। ठीक उसी प्रकार चूंकि आत्म तत्व हर बिंदु पर है, उसे बाँध कर चलने की आवश्यकता नहीं है। हवा तो फिर भी मेरी सत्ता से अलग और कहीं-कहीं प्रदूषित भी है। किन्तु, आत्मसत्ता तो मैं ही हूँ जो हर बिंदु पर एक समान है। 
आत्मा सर्वव्याप्त और स्थिर है, अतः वह भटक कर जाएगा कहाँ ? आत्मा के भटकने की बात कोरी कल्पना है। चूंकि आत्मा सर्वव्याप्त है अतः इसका छोटा से छोटा अंश भी निकाल नहीं सकते। निकाल कर रखने के लिए स्थान कहाँ है? और न ही कुछ जोड़ सकते हैं; क्या कहाँ जोड़ेंगे? कई सम्प्रदाय एक शब्द कहते हैं - 'आत्मशक्ति' और इस शक्ति को घटने और बढ़ने वाला मानते हैं। लेकिन आत्मा में कुछ भी बढ़ने और घटने वाला नहीं है। आत्मा जैसा है वैसा है। 
यह भी सिद्ध हो जाता है कि मृत्यु होने पर शरीर से आत्मा नहीं निकलती है। तो फिर क्या निकलता है ? इस पर बाद में प्रकाश डालेंगे।
भगवान ने उपरोक्त श्लोक में जो कहा है वह वैज्ञानिक सिद्धांतों से भी सिद्ध होता है लेकिन स्थान, काल और पात्रता को ध्यान में रखते हुए यहाँ उसे बताने में मैं असमर्थ हूँ। 


इसी सर्वव्याप्त सत्ता की उपलब्धि का नाम 'मोक्ष' है !


जय श्री कृष्ण !! 



दोस्तों  आपको ये ब्लॉग कैसा लगता है। कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दीजियेगा। जिससे मुझे प्रोत्साहन मिलता रहे।

भक्त और भगवान -




तीनों लोकों में राधा की स्तुति से देवर्षि नारद खीझ गए थे। उनकी शिकायत थी कि वह तो कृष्ण से अथाह प्रेम करते हैं फिर उनका नाम कोई क्यों नहीं लेता, हर भक्त ‘राधे-राधे’ क्यों करता रहता है। वह अपनी यह व्यथा लेकर श्रीकृष्ण के पास पहुंचे।

नारदजी ने देखा कि श्रीकृष्ण भयंकर सिर दर्द से कराह रहे हैं। देवर्षि के हृदय में भी टीस उठी। उन्होंने पूछा, ‘भगवन! क्या इस सिर दर्द का कोई उपचार है। मेरे हृदय के रक्त से यह दर्द शांत हो जाए तो मैं अपना रक्त दान कर सकता हूं।’ श्रीकृष्ण ने उत्तर दिया, ‘नारदजी, मुझे किसी के रक्त की आवश्यकता नहीं है। मेरा कोई भक्त अपना चरणामृत यानी अपने पांव धोकर पिला दे, तो मेरा दर्द शांत हो सकता है।’

नारद ने मन में सोचा, ‘भक्त का चरणामृत, वह भी भगवान के श्रीमुख में। ऐसा करने वाला तो घोर नरक का भागी बनेगा। भला यह सब जानते हुए नरक का भागी बनने को कौन तैयार हो?’ श्रीकृष्ण ने नारद से कहा कि वह रुक्मिणी के पास जाकर सारा हाल सुनाएं तो संभवत: रुक्मिणी इसके लिए तैयार हो जाएं। नारदजी रुक्मिणी के पास गए। उन्होंने रुक्मिणी को सारा वृत्तांत सुनाया तो रुक्मिणी बोलीं, ‘नहीं, नहीं! देवर्षि, मैं यह पाप नहीं कर सकती।’

नारद ने लौटकर रुक्मिणी की बात श्रीकृष्ण के पास रख दी। अब श्रीकृष्ण ने उन्हें राधा के पास भेजा। राधा ने जैसे ही सुना, तत्काल एक पात्र में जल लाकर उसमें अपने दोनों पैर डुबोए। फिर वह नारद से बोली, ‘देवर्षि, इसे तत्काल श्रीकृष्ण के पास ले जाइए। मैं जानती हूं कि भगवान को अपने पांव धोकर पिलाने से मुझे रौरव नामक नरक में भी ठौर नहीं मिलेगा। पर अपने प्रियतम के सुख के लिए मैं अनंत युगों तक नरक की यातना भोगने को तैयार हूं।’ अब देवर्षि समझ गए कि तीनों लोकों में राधा के प्रेम के स्तुतिगान क्यों हो रहे हैं। उन्होंने भी अपनी वीणा उठाई और राधा की स्तुति गाने लगे।

जय श्री कृष्ण !!

दोस्तों  आपको ये ब्लॉग कैसा लगता है। कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दीजियेगा। जिससे मुझे प्रोत्साहन मिलता रहे।

विश्वास और अविश्वास के पार -

अज्ञश्चश्रद्दधानश्च संशयात्मा विनश्यति ।
नायं लोकोऽस्ति न परो न सुखं संशयात्मनः ॥

जो अज्ञ यानी आत्मज्ञान से रहित है, जो अश्रद्धालु है और जो संशयात्मा है - ये तीनों नष्ट हो जाते हैं। यद्यपि अज्ञानी और अश्रद्धालु भी नष्ट होते हैं; परन्तु जैसा संशयात्मा नष्ट होता है, वैसे नहीं, क्योंकि इन सब में संशयात्मा अधिक पापी है। अधिक पापी कैसे है? सो कहते हैं - संशयात्मा को अर्थात जिसके चित्त में संशय है उस पुरुष को न तो यह साधारण मनुष्य लोक मिलता है, न परलोक मिलता है और न सुख ही मिलता है, क्योंकि वहाँ भी संशय होना संभव है, इसलिए संशय नहीं करना चाहिए।
(श्रीमद्भगवद्गीता ; अध्याय - ४, श्लोक - ४०)
यहाँ 'संशय' शब्द अत्यंत महत्वपूर्ण है। विश्वास या अविश्वास की उत्पत्ति का बीज संशय है I जैसे प्रेमी कहे, मेरा मेरी प्रेमिका पर विश्वास है, इसका मतलब है, प्रेमी को कहीं ना कहीं अपनी प्रेमिका पर शक है I ऐसे भी लौकिक प्रेम का आधार विश्वास ही है। क्या कृष्ण का राधा पर विश्वास था ? क्या कृष्ण पर राधा विश्वास करती थीं ? राधा और कृष्ण का प्रेम विश्वास और अविश्वास के परे था। इसीलिए राधा और कृष्ण का प्रेम आदर्श है। विश्वास की उपस्थिति में ही विश्वासघात और अन्धविश्वास होता है I और विश्वास कभी भी अविश्वास में परिवर्तित हो सकता है I इसी प्रकार अविश्वास भी कभी भी विश्वास में परिवर्तित हो ही सकता है। कोई नहीं कहता है, मुझे न्यूटन की गति के सिद्धांत पर विश्वास  है क्योंकि गति का नियम सिद्ध है; कोई संशय नहीं है।
स्पष्ट है, जिसका किसी भी विषय / व्यक्ति पर विश्वास या अविश्वास है वह संशयात्मा है। यदि हम आत्मविश्लेषण करें तो पाएंगे कि हमारा पूरे का पूरा अस्तित्व ही विश्वास और अविश्वास पर टिका हुआ है। हमारे वैवाहिक सम्बन्ध, रक्त सम्बन्ध, मैत्री सम्बन्ध, सहकर्मियों के साथ सम्बन्ध सभी विश्वास पर टिके हुए हैं अतः संदेह के दायरे में हैं। यह तो कुछ भी नहीं, अपने विषय में हमें ये तक पता नहीं कि मृत्यु के बाद हम रहेंगे भी या नहीं। अतः अपने अस्तित्व तक पर हमें संशय है। हम सब संशयात्मा हैं।  किसी देश का राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विश्व का सबसे धनी व्यक्ति, सर्वोच्च सम्मान  प्राप्त व्यक्ति, सर्वोत्तम अभिनेता, सर्वोत्तम गायक, सब के सब संशयात्मा हैं।
विज्ञान जगत जड़ तत्त्वों पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश को रौंद कर हमारे समक्ष जड़ वस्तुओं और सिद्धांतों को प्रस्तुत कर रहा है और हम सब उस विज्ञान की स्तुति में लग गए हैं, जो तनिक भी स्तुति के योग्य नहीं है। क्यों स्तुति कर रहे हैं ? क्योंकि विज्ञानं अपने सिद्धांतों को सिद्ध कर रहा है। यही कारण कि  हम सब ने जड़ता की ओर कदम बढ़ा दिया है।
यदि  कोई गुरु भगवान् पर विश्वास करने को कहता है (सिद्ध नहीं करता है), तो ऐसे गुरु का यथाशीघ्र त्याग कर देना चाहिए।  जो स्वयं ही संशयात्मा है वह आपका संशय क्या  दूर करेगा। बल्कि, वह गुरु भी हम सब के साथ ही खड़ा है।
जिस प्रकार एक वैज्ञानिक अनुसन्धान में तब तक लीन रहता है जब तक उसका अनुसन्धान पूरा नहीं हो जाता है। इस बीच में वह क्या खा रहा है, क्या पी रहा है, क्या पहन रहा है, कहाँ रह रहा है इसकी उसे कोई सुध नहीं रहती है। ठीक उसी प्रकार हमें भी अनुसन्धान करना है। गुरु की तलाश छोड़िये और आज ही स्वयं आत्मानुसंधान आरम्भ कर दीजिये। स्वयं को भगवान् को सौंप दीजिये। आपने अवश्य ही सुना है "कृष्णम् वन्दे जगदगुरु" ! भगवान् ही गुरु  रूप से आपका मार्गदर्शन करेंगे। शर्त एक ही है कि भगवान् के प्रति अनन्य (न अन्य) भाव अनिवार्य है।


जय श्री कृष्ण !! 


दोस्तों  आपको ये ब्लॉग कैसा लगता है। कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दीजियेगा। जिससे मुझे प्रोत्साहन मिलता रहे।